प्रत्येक व्यक्ति यह जानना चाहता है कि गुरु का स्वरुप क्या होता है? हम कैसे पहिचानें कि जिसे हम गुरु बनाना चाह रहे हैं उनमे कौन से गुण आवश्यक हैं|
<blockquote>
गुरुं प्रशान्तं भवभीति नाशं विशुद्ध बोधं कलुषापहारं |
आनंद रूपं नयनाभिरामं श्री सत्य देवं नितरां नमामि ||
</blockquote>
इसके लिए हमारे गुरु महाराज कहते हैं – गुरु का पहला स्वरुप प्रशांत है| जैसे एक वृक्ष के पास, किसी भी भाव से कोई जाकर बैठ जाए उसका विरद है – छाया देना| कितना ही दु:खी व्यक्ति हो, गुरु उसे शांत कर देता है, अर्थात् जहां बैठने से, अंतर शांत हो जाता है| हमारा मन व आत्मा शांत हो जाते हैं| यही गुरु की
पहिचान है |
वे भव भीति का नाश करते हैं| भव का अर्थ है हो जाना| संसार में भय है नहीं, बन गया है| जैसे अँधेरे में रस्सी देख साँप समझकर डर गए| एक कमरा है जिसमे सारी सुख सुविधा की सामग्री रही हुई है जैसे सोफा सेट , फ्रिज , टी.वी. परन्तु वहां अन्धकार है जिसके कारण कमरे में प्रवेश करते ही हाथ पैर में ठोकर लग जाती है और जैसे लाइट का स्विच दबाया, उजाला हो गया| कमरे के प्रकाशित होते ही अन्धकार दूर हो गया असलियत पता चल गई और डर दूर हो गया बड़ी प्रसन्नता मिली| अर्थात् जो संसार में भय बन गया है उसका नाश करने वाले गुरु हैं|
विशुद्ध बोधम् – गुरु विशुद्ध बोध हैं अर्थात् ज्ञान का जो बोध कराये उसे गुरु कहते हैं | दोनों नेत्रों से जो ज्ञान प्राप्त करते हैं वह बुद्धि का विषय है| परन्तु बोध जो है वह आत्मा का विषय है| कभी ध्यान के बाद जो आनंद की अनुभूति होती है वह बोध है| जिसे शब्दों द्वारा वर्णित नहीं किया जा सकता है| गुरु के पास बैठने से जिस आनंद की अनुभूति होती है वह वर्णनातीत है|
गुरु कलुषापहार होते हैं --- अर्थात् सारे पाप क्षय कर देते हैं| जब गुरुतत्त्व किसी में गुरु कृपा से प्रकट हो जाए तो वह गुरु कहलाता है|
भगवान् का जो मानवीय स्वरूप है वह गुरु का स्वरुप है| उनके दरबार में कोई भेद नहीं होता — दुष्ट या सज्जन, पात्र या कुपात्र| यहाँ घृणा तो है ही नहीं| उसका स्वरूप स्नेह है, वे सभी से स्नेह करते हैं | सभी के लिए दया ममता वत्सलता है उनमे तो| कोई अपना पराया नहीं| पल भर में दुष्टों के हृदय को धो डालते हैं| यही कारण है कि गुरु की दृष्टि पड़ जाए तो हृदय निर्मल हो जाता है| ऐसा ही गुरु का स्वरुप है जिसमे स्नेह है, ममता है, लेकिन सबसे बड़ा गुण है वत्सलता का रूप— माँ का रूप| जहाँ न अपने-पराये न अच्छे न बुरे, न सज्जन न दुर्जन, न माफी किसी से, कोई भेद नहीं, वे आत्मा देखते हैं शरीर नहीं| उनके पास वह अंतर्दृष्टि है जिससे वे जानते हैं कौन व्यक्ति आत्मा में बैठा है| आँखों से बरसते हुए उस प्रेम, प्रमुग्ध चित्त द्वारा हम गुरु को पहिचान सकते हैं|